अन्य

प्रफुल्ल विश्वकर्मा के पदभार ग्रहण समारोह के मंच पर कांग्रेसी की मौजूदगी बनी चर्चा का विषय

NNH रायपुर/ विष्णुदेव साय सरकार द्वारा निगम, मंडल, आयोग में भाजपा नेताओं की नियुक्तियां की गई है, जिसके बाद राजधानी रायपुर के अलग अलग स्थानों पर लगातार पदभार ग्रहण का कार्यक्रम चल रहा है।

दो दिन पहले लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने भी रायपुर के शहीद स्मारक ऑडोटोरियम में पदभार ग्रहण किया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, केबिनेट मंत्री रामविचार नेताम प्रमुख रूप से मंच पर विराजमान थे। वहीं मंच पर प्रदेश अध्यक्ष के ठीक पीछे बैठे एक शख्स को देखकर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता आश्चर्यचकित हो उन्हें निहार रहे थे, फिर कार्यक्रम में एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने दूसरे कार्यकर्ता को कान में फुसफुसाते हुए बताया प्रदेश अध्यक्ष के पीछे कुर्सी पर बैठा शख्स कांग्रेसी है।

जैसे ही ये बात एक के बाद एक सबको पता चली तो उसी शख्स के बारे में चर्चा होती रही कि ये कांग्रेसी मंच पर कैसे बैठे हुए हैं। दरअसल तस्वीर के लाल घेरे में दिखाई दे रहा वो शख्स कांग्रेस का नेता अर्जुनदास वासवानी है, जिन्हें भूपेश बघेल सरकार में छत्तीसगढ़ सिंधी अकादमी का सदस्य भी बनाया गया था।

मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पीछे कुर्सी पर बैठे  कांग्रेस नेता को देखकर प्रोटोकॉल और सुरक्षा पर तो सवाल खड़े हो ही रहे हैं। इसके अलावा सवाल यह भी उठ रहा है कि भाजपा के ऐसे कई वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने ने पार्टी के लिए अपना जीवन लगा दिया, उनको आजतक न ही कोई सम्मानजनक स्थान मिला है, और अबतक मंच माला के लिए भी वो तरस गए हैं।

वहीं कांग्रेस नेता अर्जुनदास वासवानी से सम्पर्क कर जानकारी ली गई कि, क्या वे भाजपा प्रवेश कर चुके हैं, तब उन्होंने साफ कहा कि मैं कांग्रेसी हूँ, कांग्रेसी ही रहूंगा। रही बात कार्यक्रम में मंच पर बैठने की तो मेरा भाजपा के बड़े नेताओं से निजी सबंध है, उस नाते मैं वहां गया था। और अतिथि सम्मान में भाजपा का गमछा पहनाया गया है तो उसे इनकार तो नही कर सकते।

Back to top button