ठग कर रहा है अस्पतालों से अवैध वसूली, पुलिस कमिश्नर से की गई शिकायत

NNH रायपुर/ छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सचिव के नाम का इस्तेमाल कर निजी अस्पतालों से अवैध वसूली करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को सचिव का करीबी बताकर एक अज्ञात व्यक्ति, जो अपना नाम अजय अग्रवाल बताता है, प्रदेश के बड़े अस्पताल संचालकों को डरा-धमकाकर पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा है। मामला इतना गंभीर हो गया है कि खुद स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को पुलिस कमिश्नर से इसकी लिखित शिकायत करनी पड़ी है ।
दरअसल, यह पूरा खेल शिकायत के नाम पर खेला जा रहा है। ठग अस्पताल संचालकों को फोन करता है और कहता है कि आपके अस्पताल के खिलाफ मंत्रालय में शिकायत आई है, जिसे रफा-दफा करने के बदले वह मोटी रकम की मांग करता है। मिली जानकारी और प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, इस ठग ने जाल बिछाकर कई नामी अस्पतालों को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है। ए.एम. हॉस्पिटल, चरौदा (भिलाई): डायरेक्टर डॉ. मनोज पोपटानी ने बताया कि उन्हें मोबाइल नंबर 9336118197 से कॉल आया और उन्हें मंत्रालय तक बुलाया गया। गंगोत्री अस्पताल, दुर्ग: संचालक डॉ. ओम प्रकाश कराडे को भी इसी तरह डराकर धन उगाही का प्रयास किया गया। इसके अलावा भिलाई का एस.आर. अस्पताल, बिलासपुर का आर.बी. अस्पताल और हाईटेक अस्पताल से भी ऐसी ही शिकायतें सचिव कार्यालय पहुंची हैं।
ठगी का तरीका इतना शातिर है कि वह डॉक्टरों को मंत्रालय बुलाता था। वहां पहुंचने पर वह उन्हें गेट पर ही इंतजार करने को कहता और पास नहीं बनवाता था, जिससे डॉक्टरों को लगता कि वह वाकई अंदर किसी साहब के साथ व्यस्त है।जांच में पता चला है कि सचिव कार्यालय या स्वास्थ्य विभाग में अजय अग्रवाल नाम का कोई भी व्यक्ति पदस्थ नहीं है।
सचिव अमित कटारिया ने पुलिस कमिश्नर को की गई शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव अमित कटारिया ने रायपुर पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज करने और कड़ी वैधानिक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है । उन्होंने स्पष्ट किया है कि यह उनकी व्यक्तिगत और विभाग की छवि खराब करने की सोची-समझी साजिश है।
इस घटना ने शासन-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर कोई अज्ञात व्यक्ति मंत्रालय के नाम पर डॉक्टरों को धमका सकता है, तो आम जनता कितनी सुरक्षित है? स्वास्थ्य विभाग ने सभी संस्थानों को सतर्क रहने और ऐसे किसी भी फोन कॉल पर यकीन न करने के निर्देश दिए हैं । अगर आपको भी इन नंबरों (9336118197 या 7652094640) से फोन आए, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।







