शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड क्रं 33: भाजपा से प्रदीप वर्मा और कांग्रेस से प्रमोद मिश्रा की टिकट मानी जा रही है तय
तो क्या अजीत कुकरेजा चुनाव लड़ेंगे निर्दलीय...?

NNH रायपुर/ रायपुर नगर निगम के अंतर्गत शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड क्रमांक 33 बहुत ही हॉट सीट मानी जा रही है। क्योंकि यहां से एक नही तीन दिग्गजों के चुनाव लड़ने की सम्भावना है।
शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड से भाजपा के प्रदीप वर्मा ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। प्रदीप गुरु घासीदास वार्ड से पार्षद रहे हैं। और पार्टी संगठन में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ में प्रदेश पदाधिकारी भी रहे हैं। वार्ड चुनाव की घोषणा के पहले से ही प्रदीप वर्मा वार्ड में सक्रिय हो गए हैं। भाजपा से उनकी टिकट पक्की मानी जा रही है।
वहीं कांग्रेस से महर्षि वाल्मीकि वार्ड के निवर्तमान पार्षद प्रमोद मिश्रा ने भी दावेदारी की है। प्रमोद इसके पहले जिस वार्ड से पार्षद चुने गए थे, वो वार्ड महिला आरक्षित हो गया है, इसलिए अब पड़ोसी वार्ड से दावेदारी पेश कर दी है, और कांग्रेस से प्रमोद मिश्रा की भी टिकट लगभग फाइनल मानी जा रही है।
इसके अलावा मदर टेरेसा वार्ड के निवर्तमान पार्षद अजीत कुकरेजा का भी नाम सामने आ रहा है। क्योंकि उनका वार्ड भी महिला पिछड़ा आरक्षित होने के कारण अब शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड से कांग्रेस से उनकी दावेदारी की चर्चा चल रही थी, कि इसी बीच रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने अजीत के नाम पर आपत्ति जताई है। क्योंकि अजीत कुकरेजा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में रायपुर उत्तर से निर्दलीय चुनाव लड़कर उन्होंने लगभग 22 हजार वोट हासिल किया था। जिसके चलते उन्हें कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था। अजीत के कांग्रेस वापसी की अटकलें भी लगाई जा रही थी, लेकिन मिली जानकारी के अनुसार उनकी कांग्रेसी वापसी नही हो पाई है। बता दें कि अजीत कुकरेजा ने अपनी चुनावी राजनीति की शुरुआत शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड से की थी, और यहां से पहली बार कांग्रेस की टिकट पर पार्षद चुनकर आए थे। अब उनकी कांग्रेस वापसी नही होने की स्थिति में निर्दलीय चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही है। हाल ही में महर्षि वाल्मीकि वार्ड के मतदाताओं के नाम शहीद वीरनारायण सिंह में जोड़ने को लेकर भी अजीत कुकरेजा ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद वो सारे नाम काटे गए थे, इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि शहीद वीर नारायण सिंह वार्ड से कुकरेजा निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं।
बीजेपी से प्रदीप वर्मा, कांग्रेस से प्रमोद मिश्रा और अजीत कुकरेजा के निर्दलीय चुनाव लड़ने से शहीद वीरनारायण सिंह वार्ड में मुकाबला त्रिकोणीय होगा।







