मध्यप्रदेशराजनीति

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहाकरिता सम्मेलन में हिस्सा लेने भोपाल पहुंचे

राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और मध्य प्रदेश सरकार के बीच अनुबंध पर हुए हस्ताक्षर

NNH भोपाल/  केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सहाकरिता सम्मेलन में हिस्सा लेने भोपाल पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्टेट हैंगर पर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर वहां सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद थे। भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह काफिले के साथ रवींद्र भवन पहुंचे। जहां राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए अमित शाह ने कहा मोदी सरकार में सहकारिता, ग्रामीण भारत के आर्थिक सशक्तीकरण का केंद्र बन रही है और श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से सहकारी डेयरी क्षेत्र को नया जीवन मिल रहा है।

भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय सहकारिता सम्मेलन में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और मध्य प्रदेश सरकार के बीच अनुबंध पर हस्ताक्षर हुए हैं। इन एमओयू से प्रदेश के गाँव-गाँव में डेयरी कोऑपरेटिव के पहुँचने की राह आसान होगी, जिसका सीधा फायदा डेयरी क्षेत्र के किसानों को होगा। साथ ही, यहाँ PACS को ऋण वितरण, पेट्रोल पंप, जन औषधि केंद्र और चिन्हित दुग्ध सहकारी संस्थाओं को माइक्रो एटीएम भी वितरित किये गए।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंच पर केंद्रीय मंत्री अमित शाह का अंग वस्त्रम पहनाकर जोरदार स्वागत किया। यहां उन्हें अयोध्या मंदिर में स्थापित रामलला की प्रति मूर्ति भेंट की गई। सहकारिता सम्मेलन में शाह की मौजूदगी में मध्य प्रदेश दुग्ध संघ और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के बीच एमओयू साईन हुए। इसके अलावा मध्य प्रदेश के छह दुग्ध संघों और एनडीडीबी के बीच छह अन्य एमओयू भी किए गए हैं। एनडीडीबी और दुग्ध संघ के बीच हुए करार के बाद एमपी में दुग्ध सहकारी समितियों की तादाद छह हजार से बढ़कर 9 हजार हो जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के मंत्री लखन पटेल, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, राज्यमंत्री कृष्णा गौर एवं पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया मौजूद थे।

Back to top button