खबरों की खबरछत्तीसगढ़देश/प्रदेश

झारखंड शराब घोटाला मामले में छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानियां के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी

झारखंड के शराब घोटाले में छत्तीसगढ़ के कारोबारियों से गहरे संबंधों का हुआ था खुलासा

NNH रांची/ झारखंड रांची स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो की स्पेशल कोर्ट ने झारखंड के चर्चित शराब घोटाला मामले में छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। एक दिन पहले इसी मामले में रांची के ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय कुमार सिंह के खिलाफ भी वारंट जारी हो चुका है।

रांची झारखंड की एंटी करप्शन ब्यूरो ने इन दोनों को पूछताछ के लिए समन भेजा था, उसके बाद भी दोनों हाजिर नहीं हुए थे। एंटी करप्शन ब्यूरो ने कोर्ट में इनकी गिरफ्तारी के लिए वारंट की अर्जी लगाई थी, अब वारंट जारी होते ही एजेंसी ने दोनों के संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दी है।

एसीबी ने इनके अलावा छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी सरोज लोहिया, बच्चा लोहिया एवं अतीमा खन्ना, मध्य प्रदेश के भोपाल निवासी मनीष जैन, राजीव द्विवेदी, महाराष्ट्र के पुणे निवासी अजीत जयसिंह राव, अमित प्रभाकर सोलंकी, सुनील मारूत्रे कुंभकर को भी इसी शराब घोटाला मामले में पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। इनमें से भी कोई पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुआ है। जरूरत पड़ने पर एजेंसी इनकी भी गिरफ्तारी वारंट के लिए अदालत में अर्जी लगा सकती है।

एसीबी की अब तक की जांच में झारखंड में हुए शराब घोटाले में सरकार को 38 करोड़ से ज्यादा का नुकसान होने की बात सामने आई है. जांच का दायरा बढ़ने पर यह रकम और बढ़ने का अनुमान है.

इस बीच, एजेंसी ने इस केस में जेल में बंद झारखंड राज्य बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के वित्त महाप्रबंधक के पद पर तैनात रहे सुधीर कुमार दास, पूर्व महाप्रबंधक सुधीर कुमार और शराब दुकानों के लिए मैनपावर सप्लाई करने वाली प्लेसमेंट एजेंसी मार्शन इनोवेटिव सिक्योरिटी सर्विसेज प्रा. लि. के स्थानीय प्रतिनिधि नीरज कुमार को अदालत के आदेश पर दो दिनों के रिमांड पर लेकर गुरुवार से पूछताछ शुरू की है।

जांच में झारखंड के शराब घोटाले में छत्तीसगढ़ के कारोबारियों से गहरे संबंधों का खुलासा हुआ था है। छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन ब्यूरो ने छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच के दौरान कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया के घर पर छापा मारा था, तब वहां से एक डायरी बरामद हुई थी। उसी डायरी में झारखंड में शराब घोटाले में संलिप्त सिंडिकेट का खुलासा हुआ था।

इस शराब घोटाले में एसीबी ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे, इसी विभाग के पूर्व संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह, महाप्रबंधक वित्त सुधीर कुमार दास, पूर्व महाप्रबंधक वित्त सह अभियान सुधीर कुमार और प्लेसमेंट एजेंसी मार्शन के स्थानीय प्रतिनिधि नीरज कुमार सिंह शामिल हैं, छत्तीसगढ़ के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया की भी गिरफ्तारी होना तय है।

Back to top button