बीजेपी सांसद की ठाकरे बंधुओं को चुनौती; आप उत्तर प्रदेश, बिहार या तमिलनाडु में आ जाओ लोग आपको पटक-पटक कर मारेंगे

Maharashtra Language Controversy/ महाराष्ट्र में भाषा विवाद गहराता जा रहा है। इस बीच राज ठाकरे ने कहा “मारो पर वीडिओ मत बनाओ” वाले बयान से राजनैतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महाराष्ट्र में हिंदी भाषी लोगों पर हाल ही में हुए हिंसक हमलों के लिए महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे और उनके चचेरे भाई तथा शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे पर सोमवार को तीखा हमला बोला और उन्हें चुनौती दी कि वे उत्तर प्रदेश, बिहार या तमिलनाडु में जाकर वहां भी ऐसा करने की कोशिश करें। ठाकरे बंधुओं द्वारा महाराष्ट्र में काम करने वाले उत्तर भारतीय लोगों के खिलाफ किए गए हमले का जिक्र करते हुए दुबे ने कहा कि आप उत्तर प्रदेश, बिहार या तमिलनाडु में आ जाओ लोग आपको पटक-पटक कर मारेंगे।

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने स्पष्ट कहा कि बीएमसी चुनाव होने वाले हैं, और इसलिए, राज और उद्धव सस्ती राजनीति कर रहे हैं। अगर उनमें हिम्मत है – तो उन्हें माहिम जाना चाहिए और माहिम दरगाह के सामने किसी भी हिंदी या उर्दू बोलने वाले को पीटना चाहिए। हाल के हफ्तों में, कुछ वीडियो सामने आए और सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें मनसे कार्यकर्ताओं को उत्तर भारतीय मजदूरों और विक्रेताओं पर हमला करते हुए दिखाया गया, जब उन्होंने महाराष्ट्र की मूल भाषा मराठी में बातचीत करने में असमर्थता व्यक्त की। तब उत्तर भारतीयों के खिलाफ हमले की घटनाएं हुई थीं।
बीजेपी सांसद ने यह भी कहा कि वे मराठी भाषा और महाराष्ट्र के लोगों का सम्मान करते हैं, जिन्होंने भारत की आजादी में अपना बड़ा योगदान दिया है। लेकिन आगामी बीएमसी चुनाव को लेकर ठाकरे बंधु सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।बीजेपी नेता निशिकांत दुबे ने आगे कहा, अगर आपके अंदर हिम्मत है, और आप हिंदी बोलने वालों को मार सकते हो, तो जाकर उर्दू, तमिल और तेलुगू बोलने वालों को भी मारो, अगर खुद को इतना बड़ा ‘बॉस’ समझते हो, तो महाराष्ट्र से बाहर आओ, बिहार, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में आओ, तुमको पटक पटक के मारेंगे।






