देश/प्रदेशबड़ी खबर

कुलगाम में CRPF की पेट्रोलिंग पार्टी पर आतंकी हमला, 3 जवान घायल, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

NNH जम्मू कश्मीर/ जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आज बुधवार दोपहर आतंकियों ने CRPF की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया। ये हमला दोपहर करीब 2:15 बजे कुलगाम के मीर बाजार के पास अखरान इलाके में हुआ, जहां CRPF के जवान नाके पर तैनात थे। बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने वहां तैनात जवानों पर अचानक गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए। CRPF ने बताया है कि इस हमले में उसके जवान घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी में CRPF ने 2 जवानों के घायल होने की बात कही, जबकि अन्य रिपोर्टों में 3 जवानों के घायल होने की खबर है। घायल जवानों में से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल जवानों को इलाज के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमले के बाद CRPF जवानों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। सूचना मिलते ही क्विक रिएक्शन टीमें मौके पर पहुंच गईं और सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी तक हमलावरों की पहचान और संख्या के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं आई है।

बता दें कि कुलगाम में पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा गतिविधियां तेज हैं। 8 नवंबर को ही कुलगाम पुलिस, सेना की 9 RR और CRPF के संयुक्त ऑपरेशन में चेकपोस्ट पर 2 संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनकी पहचान बुगाम निवासी मुनीब यासीन राथर और ताहिर बिलाल के रूप में हुई थी। दिवाली से ठीक पहले भी सुरक्षाबलों को अलर्ट किया गया था। अब इस ताजा हमले के बाद पूरे दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

Back to top button