
NNH गोबरा नवापारा/ दीपावली की रात गरियाबंद जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रायपुर से दीपावली मनाकर अपने गांव लौट रहे एक ही परिवार के चार लोगों की कार अनियंत्रित होकर टीला एनीकट से महानदी में जा गिरी। हादसे में पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।
गांव से 5 किमी पहले हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम पसौद निवासी पत्रकार शीतल साहू (44) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटी पूर्वा साहू (21) और बेटे विकास साहू (19) के साथ रायपुर में दीपावली मनाने आए थे। त्योहार मनाने के बाद देर रात वे वापस अपने गांव लौट रहे थे।
रात करीब 11 बजे शीतल साहू की परिजनों से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इसके बाद करीब 11 बजे से 2 बजे के बीच राजिम के टीला एनीकट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर एनीकट से नीचे महानदी में जा गिरी।
परिवार का गांव हादसा स्थल से महज 3 से 5 किमी दूर था। घर पहुंचने में सिर्फ 10 मिनट का रास्ता बाकी था, लेकिन काल ने उससे पहले ही चारों जिंदगियां छीन लीं।
एनीकट के 4 पिलर टूटे, नदी में मिली कार
देर रात तक परिवार के नहीं पहुंचने पर परिजन तलाश में निकले। टीला एनीकट के पास पहुंचे तो वहां एनीकट के चार पिलर टूटे हुए दिखाई दिए और कार नदी में डूबी हुई मिली।
सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की चंपारण चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर कार से चारों के शव बाहर निकाले और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव में शोक की लहर
हादसे की खबर मिलते ही पसौद गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कि शीतल साहू पत्रकार थे, उनकी कार पर ‘मीडिया एग्जीक्यूटिव’ लिखा हुआ था। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई।






