क्राइम रिपोर्टछत्तीसगढ़

दीपक टंडन पर एक और एफआईआर दर्ज, उसकी पत्नी बरखा टंडन का नाम भी है शामिल

NNH रायपुर/ DSP कल्पना वर्मा पर करोड़ों ऐंठने का आरोप लगाने के बाद सुर्खियों में रहे होटल कारोबारी दीपक टंडन दूसरों पर आरोप लगाकर खबरों में बना रहता था। अब वही दीपक टंडन खुद पुलिस की रिमांड पर है, और हर दिन एक नई FIR उसके नाम जुड़ रही है।

6 नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक टंडन को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से उठाया। उसपर आरोप था कि AI से तस्वीरें एडिट करके, लोगों को ‘तांत्रिक’ बताकर, भ्रामक खबरें छापकर ब्लैकमेलिंग कर रहा था। जिसकी शिकायत बिलासपुर के कारोबारी मणीशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को की थी।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से 2 मोबाइल जब्त किए। फिर 7 नवंबर को रायपुर में उसके VIP रोड वाले होटल वेलकम होटल इन और साईं नगर वाले घर पर पुलिस ने दबिश दी, जहां से होटल का DVR और पत्नी का मोबाइल भी जब्त किया गया।

कारोबारी आशीष जयसवाल ने भी दीपक टंडन पर 56 लाख रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है। आशीष ने अपनी शिकायत में बताया है कि एक जमीन के सौदे में 36 लाख रुपए दीपक को दिए थे, बाद में पता चला कि वह जमीन दीपक टंडन की है ही नही। आशीष ने बताया 2023 मॉडल की एक फॉर्च्यूनर कार के सौदे में उसने दीपक को 20 लाख रुपए दिए थे, उसने कार भी नही दी। इसके अलावा श्याम सिंह ठाकुर और विकास कुमार नागले ने आरोप लगायाहै कि कोल माइंस में काम दिलाने और CM हाउस के अधिकारियों से नजदीकी का हवाला देकर उनसे पैसा लिया गया। पैसे वापस मांगने पर होटल बुलाकर मारपीट और वीडियो बनाने, और पत्नी के नाम से एट्रोसिटी केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है, उसे अभी 5 दिन की रिमांड पर लिया गया है, इन सभी आरोपों की पुष्टि आधिकारिक जांच के बाद ही होगी।

वहीं 10 नवंबर को दीपक टंडन पर एक नई FIR दर्ज की गई है। अब रायपुर के तेलीबांधा थाने में दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी ने 2021 में अपनी संपत्ति दीपक को होटल-बैंक्वेट के लिए लीज पर दी थी। लीज 7 अप्रैल 2026 को खत्म हो गई। करीब एक साल से किराया भी नियमित नहीं आ रहा था। 18 अगस्त को नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स न जमा होने पर होटल सील कर दिया था। 26 अक्टूबर को निगम ने पुलिस की मौजूदगी में सील खोली, लेकिन 27 अक्टूबर को जब सरिता वहां पहुंचीं तो ताले टूटे हुए थे।

रायपुर की तेलीबांधा पुलिस ने दीपक टंडन पर BNS की धारा 296, 329(4), 331(2), 331(5), 351(2), 324(4), 126(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। अब रायपुर पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लाने की तैयारी में है। इस पूरे मामले में उसके साले कोमल कुमार चौबे की भी तलाश की जा रही है। पुलिस ने रायपुर समेत कई ठिकानों पर दबिश दी है।

—

Back to top button