उत्तर प्रदेशदेश/प्रदेशबड़ी खबर

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की माता का 91 वर्ष की आयु में निधन, पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

NNH लखनऊ/ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी का आज निधन हो गया है। वे 91 वर्ष की थीं।

सावित्री देवी जी ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव *पंचूर* में अपने पैतृक आवास पर आज सुबह करीब 11:50 बजे अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी।

निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार और परिवार ने की है। जिस वक्त ये दुखद खबर आई, उस वक्त सीएम योगी गोरखपुर में 50 हजार युवाओं को टैबलेट वितरण कार्यक्रम में थे। खबर मिलने के बाद भी उन्होंने अपना कार्यक्रम पूरा किया, और फिर उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए।

सीएम योगी गोरखपुर से लखनऊ होते हुए विमान से देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, फिर हेलिकॉप्टर से यमकेश्वर होते हुए पैतृक गांव पंचूर जाएंगे और मां के अंतिम दर्शन करेंगे।

अंतिम संस्कार कल शनिवार को हरिद्वार में होने की संभावना है।

सीएम योगी की मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई 2026 में हुई थी, जब वे पंचूर गांव पहुंचे थे और मां का आशीर्वाद लेकर लौटे थे।

सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन 20 अप्रैल 2020 को हुआ था। तब कोरोना काल के कारण सीएम योगी पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।

शोक की लहर:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर सीएम योगी आदित्यनाथ से बात कर शोक व्यक्त किया। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिखा – _माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव, यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है।

NNH परिवार की तरफ से पूज्य माताजी को विनम्र श्रद्धांजलि।
ॐ शांति।

Back to top button