क्राइम रिपोर्टछत्तीसगढ़

युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा, माइनिंग अधिकारियों को मुखबिरी और प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है विवाद

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि रेत माफिया के हौसले बुलंद

NNH बलौदाबाजार/ बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक घटना सामने आई है, जहां एक युवक को सार्वजनिक स्थान पर खंभे से बांधकर लाठी-डंडों और बेल्ट से बुरी तरह पीटा गया है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक पर माइनिंग विभाग के लिए मुखबिरी करने का शक था। साथ ही पुराने प्रेम-प्रसंग और रंजिश को लेकर भी यह हमला हुआ।

ये घटना 12 जून 2025 की है। गिधौरी थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारी निवासी 25 वर्षीय परमेश्वर साहू सुबह बाइक से ग्राम खपरीडीह मिट्टी खरीदने गया था। लौटते वक्त खपरीडीह चौक पर यशवंत पटेल और केवल केंट नाम के दो ट्रैक्टर चालकों ने उसे रोक लिया।

दोनों ने आरोप लगाया कि परमेश्वर माइनिंग अधिकारियों के लिए मुखबिरी करता है और गांव के ट्रैक्टर चालकों की जानकारी देकर उनके ट्रैक्टरों को जब्त कराता है। इसी शक में दोनों ने परमेश्वर को पकड़कर खंभे से बांध दिया और डंडे-बेल्ट से बेरहमी से पीटा। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी भी देते रहे।

हमले के दौरान किसी तरह परमेश्वर ने अपने बड़े भाई अनिल साहू को फोन कर बुलाया। अनिल पंचमदास के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावर नहीं रुके। उसके बड़े भाई के सामने भी परमेश्वर की पिटाई होती रही। बाद में दिलहरण वर्मा, दिग्विजय वैष्णव और आनंद दास भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी बेल्ट और डंडों से मारपीट की।

इस हमले में परमेश्वर के सिर, पीठ, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं हैं, जिसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। और पीड़ित ने गिधौरी थाने में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

वहीं जांच में सामने आया है कि हमला सिर्फ मुखबिरी के शक पर नहीं हुआ था। बल्कि परमेश्वर का गांव की एक युवती के साथ अफेयर था, जिसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। इसके अलावा खपरीडीह और कुम्हारी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रेत और पत्थर खनन का अवैध कारोबार चलता है। जिसमें कई ट्रैक्टर चालक बिना रॉयल्टी मिट्टी और पत्थर की ढुलाई करते हैं। ट्रैक्टर चालकों को शक था कि परमेश्वर ही माइनिंग विभाग को जानकारी देकर उनके ट्रैक्टर जब्त करवा रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया

घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे कभी गोलियां चला रहे हैं और कभी आम जनता को पीट रहे हैं। सरकार को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

Back to top button