दिल्ली में आधी रात को बुलडोजर की दहाड़ से मची खलबली, “फैज-ए-इलाही मस्जिद” के पास अवैध अतिक्रमण को किया गया ध्वस्त
अराजक तत्वों द्वारा किया गया पथराव, जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े

NNH नई दिल्ली/ देश की राजधानी के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण वाले इलाके में बुलडोजर एक्शन की कार्रवाई की गई। दिल्ली नगर निगम (MCD) ने मंगलवार को ही इसकी तैयारी कर ली थी, मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि दिल्ली के रामलीला मैदान के पास, तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। अवैध ढांचों को हटाने के लिए लगभग 30 बुलडोजर मंगवाए गए थे। नगर निगम दिल्ली “MCD” ने दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश के बाद अतिक्रमण हटाने के लिए ये बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
अतिक्रमण हटाने के अभियान से पहले दिल्ली पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम कर वरिष्ठ अधिकारियों व बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पूरे संवेदनशील इलाके को नौ जोन में बांटा गया था, जहां प्रत्येक जोन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रैंक के एक अधिकारी निगरानी कर रहे थे। इसके साथ ही स्थानीय शांति समितियों के सदस्यों के साथ समन्वय बैठक रखी गई थी।
दिल्ली में आधी रात को बुलडोजर की दहाड़ और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ मिडनाइट ऑपरेशन से दिल्ली में खलबली मच गई, जहां तुर्कमान गेट के पास स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद परिसर से लगभग 30 बुलडोजरों से अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया है। दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर हुई इस अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अराजक तत्वों द्वारा पुलिस पर पथराव किया गया, जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, आधी रात से ही ये पूरा इलाका पूरी तरह से छावनी में तब्दील है और दिल्ली पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया है।







