
NNH रायपुर/ भारी वाहन प्रतिबंधित पुल खोलने, जर्जर महानदी सेतु की मरम्मत एवं अपर कलेक्टर कोर्ट खोलने की मांग आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के माननीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बेदराम जांगड़े ने सौजन्य भेंट की, तथा क्षेत्र की तीन सबसे अति महत्वपूर्ण एवं लंबित जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। बेदराम ने बताया कि डॉ.रमन सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं:-
सरसीवा-जैतपुर हसौद मार्ग पर महानदी सेतु पुल पर भारी वाहनों का आवागमन पिछले कई वर्षों से पूर्णतः प्रतिबंधित है। इससे किसानों की उपज, व्यापारियों का माल ढोना एवं आम जनता की आवाजाही अत्यंत कठिन हो गई है। यदि पुल के पिलर में कोई तकनीकी समस्या है तो तत्काल सर्वे कराकर या तो मौजूदा पुल को भारी वाहनों हेतु खोला जाए या समानांतर नया पुल स्वीकृत किया जाए।
गिधौरी-शिवरीनारायण मार्ग सड़क पर स्थित महानदी सेतु पुल पूरी तरह जर्जर हो चुका है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह पुल माँ शबरी के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ शिवरीनारायण को जोड़ता है। मरम्मत में देरी से तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय लोगों की जान जोखिम में है। इसके तत्काल पुनर्निर्माण/मरम्मत की मांग किए।
बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर स्तरीय राजस्व न्यायालय (Additional Collector Court) खोलने की वर्षों पुरानी मांग आज भी लंबित है। इससे लोगों को छोटे-छोटे राजस्व मामलों के लिए सारंगढ़ के चक्कर लगाने पड़ते हैं। बिलाईगढ़ को राजस्व उपखंड बनाकर अपर कलेक्टर कोर्ट खोलने से जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रदेश प्रवक्ता वेदराम जांगड़े ने बताया कि डॉ.रमन सिंह ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक सहमति जताई और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
उपसंहार बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता को पूर्ण विश्वास है कि डॉ. रमन सिंह के संवेदनशील नेतृत्व एवं व्यक्तिगत हस्तक्षेप से ये तीनों लंबित मुद्दे बहुत शीघ्र हल हो जाएंगे। क्षेत्रवासियों की दशकों पुरानी पीड़ा दूर करने की दिशा में यह मुलाकात एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इसके लिए बिलाईगढ़ की जनता डॉ. रमन सिंह जी की सदैव आभारी रहेगी।






