रिटायर्ड जज ने बेटी के तलाक पर ढोल नगाड़ों से किया स्वागत

NNH खबरों की खबर/ तलाक के एक अनोखे मामले ने सबका ध्यान खींचा है, जहां रिटायर्ड जज पिता ने बेटी के तलाक के बाद उसका स्वागत जश्न के साथ किया। कोर्ट से घर तक ढोल-नगाड़ों के साथ परिवार और रिश्तेदार नाचते-गाते पहुंचे और मिठाइयां बांटी गईं। घर पहुंचने पर पिता ने बेटी को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
दरअसल उत्तर प्रदेश में मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी सेवानिवृत्त जिला जज डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने अपनी इकलौती बेटी प्रणिता वशिष्ठ को कोर्ट से घर तक ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया।
परिवार के सदस्य एक जैसी काली टी-शर्ट पहने नजर आए, जिस पर बेटी की तस्वीर और “I Love My Daughter” लिखा था। पिता ने बताया कि उन्होंने 8 साल पहले बेटी की शादी आर्मी के मेजर से की थी, लेकिन वह ससुराल में खुश नहीं थी और उसे परेशान किया जाता था।
भावुक पिता ने कहा कि बेटी की खुशी सबसे जरूरी है। उन्होंने बिना किसी एलीमनी या सामान के सिर्फ बेटी को वापस घर लाना ही सही समझा।







