बाबा साहेब के जन्म स्थान पर 25 मिनट रुकेंगे राहुल, प्रियंका
बौद्ध प्रार्थना सभा में होंगे शामिल, फोटो सेशन भी होगा

NNH भोपाल/ गणतंत्र दिवस के अगले दिन 27 जनवरी को महू में कांग्रेस का एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और प्रियंका गांधी मुख्य रूप से शामिल होने आ रहे हैं। ये तीनों नेता बाबा साहब आंबेडकर के जन्म स्थान पर 25 मिनट रुकेंगे, और बौद्ध प्रार्थना में भी भाग लेंगे जहां फोटो सेशन भी होगा।
कांग्रेस के इन दिग्गज नेताओं के आगमन पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। महू में होने वाली रैली और सभा में भाग लेने के पहले कांग्रेस के बड़े नेता बाबा साहब के जन्म स्थल पर पहुंचेंगे। कांग्रेस के तीनों राष्ट्रीय नेताओं के आगमन से पहले जन्म स्थली पर होने वाले कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम बनकर तैयार हो गया है। जिसके मुताबिक राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के कई बड़े नेता 25 मिनट तक बाबा साहब के जन्म स्थली पर रहेंगे, और वहां पर बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद बौद्ध प्रार्थना में शामिल होंगे, और बाबा साहब के पूरे जीवन पर बनी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और वहां मौजूद लोगों के साथ फोटो सेशन करने का भी कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद कांग्रेस नेता वहां से वेटरनरी कॉलेज मैदान के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हो जाएंगे।
इस पूरे कार्यक्रम को मंजूरी के लिए दिल्ली भेज दिया गया है। जिसके लिए आज औपचारिक मंजूरी आ जाएगी। बाबा साहब के जन्म स्थल पर आयोजित होने इस मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम में आगमन से लेकर प्रस्थान तक पूरा शेड्यूल तैयार कर लिया गया है। बाबा साहब के जन्म स्थल की देखरेख करने वाली कमेटी के साथ भी कल इंदौर जिला कांग्रेस के नेताओं की औपचारिक बैठक हुई थी, इस बैठक में यह भी तय किया गया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं के आगमन के समय जन्म स्थल पर कौन-कौन मौजूद रहेंगे।






