
NNH नई दिल्ली/ दिल्ली विधानसभा चुनाव को अभी दिन बचे हैं, इससे पहले आम आदमी पार्टी के सात सिटिंग विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इनमें महरौली, त्रिलोकपुरी, जनकपुरी, बिजवासन, पालम, आदर्श नगर, कस्तूरबा नगर विधानसभा सीट शामिल हैं। महरौली से दो बार के पार्टी विधायक नरेश यादव ने शुक्रवार को पार्टी से इस्तीफा दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह पार्टी में फैले भ्रष्टाचार को बताया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पार्टी छोडऩे की वजह भी बताई है। उन्होंने लिखा कि आम आदमी पार्टी का उदय भ्रष्टाचार के खिलाफ हुए अन्ना आंदोलन से भारतीय राजनीति से भ्रष्टाचार को मुक्त करने के लिए हुआ था। लेकिन अब मैं बहुत दुखी हूं कि भ्रष्टाचार आम आदमी पार्टी बिल्कुल भी कम नहीं कर पाई, बल्कि आप ही भ्रष्टाचार के दलदल में लिप्त हो चुकी है।
उन्होंने लिखा कि मैंने आम आदमी पार्टी ईमानदारी की राजनीति के लिए ही जॉइन की थी। आज कहीं भी ईमानदारी नजर नहीं आ रही है। मैंने महरौली विधान सभा में पिछले 10 सालों से लगातार 100 फीसदी ईमानदारी से काम किया है। महरौली के लोग जानते हैं कि मैंने ईमानदारी की राजनीति, अच्छे व्यवहार की राजनीति और काम की राजनीति की है। यादव ने लिखा कि मैंने महरौली के बहुत से लोगों से चर्चा की सभी ने यही कहा कि आम आदमी पार्टी अब पूरी तरह से भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुकी है। आपको इस पार्टी को छोड़ देना चाहिए क्योंकि इन्होंने लोगों के साथ धोखा किया है। दिल्ली की जनता जानती है कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचारियों को ही पार्टी में शामिल कर लिया है।






