छत्तीसगढ़ शासनबड़ी खबरराज-काज

किसानों को सीएम साय दी बड़ी सौगात, राज्य में कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरा ₹13,839 बोनस

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

NNH रायपुर, 13 नवंबर/ छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बड़ी सौगात का ऐलान किया। रायपुर में प्रेस वार्ता में उन्होंने धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना में बड़े बदलाव की घोषणा की, जिससे प्रदेश के लाखों किसानों को सीधा फायदा होगा।

सीएम साय का सबसे बड़ा ऐलान कृषक उन्नति योजना को लेकर था। अब तक योजना में किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने पर ही ₹13,839 की पूरी आदान सहायता मिलती थी।

अब सरकार ने इस शर्त में राहत दे दी है। अब अगर किसी किसान का उत्पादन कम हुआ है और वह 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तो भी उसे प्रति एकड़ पूरी ₹13,839 की सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “कोई भी किसान कम उत्पादन के कारण सरकार की सहायता से वंचित नहीं रहेगा। यह फैसला छोटे, सीमांत और जनजातीय अंचल के किसानों के लिए है।”

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी का महाअभियान 15 नवंबर से शुरू होगा। यह दिन जनजातीय गौरव दिवस यानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती का दिन है। सीएम साय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खरीदी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस साल की खरीदी की प्रमुख बातें:

दर:₹3,100 प्रति क्विंटल
सीमा अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़
27.50 लाख से अधिक किसान
प्रदेशभर में कुल 3,100 उपार्जन केंद्र
इस साल 360 नए केंद्र खोले गए हैं

किसानों को मिली ये बड़ी राहतें, सरकार ने धान खरीदी की प्रक्रिया को भी आसान कर दिया है:

1. पिछले साल पंजीकृत किसानों को, जिनकी एग्रीस्टैक आईडी बनी हुई है, दोबारा पंजीयन नहीं कराना होगा।
2. धान बेचते समय समिति में ऋण पुस्तिका लाने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।
3. डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमेट्रिक व्यवस्था से खरीदी में पारदर्शिता रखी जाएगी।

गन्ना किसानों को भी सौगात…

प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने गन्ना किसानों के लिए भी बड़ी घोषणा की। गन्ने का दाम ₹355 प्रति क्विंटल से बढ़ाकर ₹425 प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यह बढ़ी हुई दर पेराई सत्र 2025-26 के लिए भी लागू होगी।

3 साल में किसानों को ₹1.50 लाख करोड़ का भुगतान…

सीएम साय ने बताया कि पिछले 3 खरीफ वर्षों में प्रदेश में करीब 437 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई है। 2023-24 में 144.92 लाख, 2024-25 में 149.25 लाख और 2025-26 में करीब 142 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इन तीन वर्षों में किसानों को करीब ₹1.50 लाख करोड़ का भुगतान किया गया है।

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय कार्यक्रम

15 नवंबर को धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित होगा, जहां से धान खरीदी के महाअभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।

Back to top button