महादेव सट्टा एप के खाईवाल के घर CBI की ताबड़तोड़ छापेमारी, 2 घंटे तक चली तलाशी

NNH रायपुर/ महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्यवाही की। सीबीआई की विशेष टीम ने सुबह करीब 7 बजे राजधानी रायपुर के पॉश इलाके समता कॉलोनी में आरोपी मोहित सोमानी के घर पर दबिश दी। टीम करीब 2 घंटे तक घर में रही और सुबह करीब 9 बजे वापस लौटी।
इस दौरान टीम ने घर के हर कमरे की तलाशी ली, अलमारियों, फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला। सीबीआई की ओर से इस छापेमारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह कार्यवाही महादेव एप के ID नेटवर्क से जुड़ी है।
कौन है मोहित सोमानी?
मोहित सोमानी पर आरोप है कि वह महादेव एप के मुख्य प्रमोटरों से सट्टा ID लेकर आगे छोटे खाईवालों, बुकियों और खिलाड़ियों को बेचता था। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे समेत कई खेलों की ID वह देश के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करता था।
उसे रायगढ़ पुलिस ने गोवा के प्रसिद्ध कैंडोलिम बीच इलाके में स्थित एक किराए के लग्जरी विला से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही वह रायगढ़ जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है। इसीलिए सीबीआई की टीम उसके रायपुर स्थित घर पर जांच के लिए पहुंची थी।
क्या है महादेव एप मामला?
महादेव ऑनलाइन बुक को देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में से एक माना जाता है। इसमें क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस समेत कई खेलों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जाता था। हजारों करोड़ रुपये के लेनदेन का आरोप है।
इस मामले की पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी। बाद में जांच आगे बढ़ी और छत्तीसगढ़ सरकार ने इससे जुड़े 13 गंभीर मामलों की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
प्रमोटर सौरभ चंद्राकर जेल में
महादेव एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर को ओमान से भारत लाया गया था। सीबीआई ने उसे 8 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सीबीआई ने पूरे नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, पैसों के रूट और खाईवालों के नामों को लेकर जानकारी जुटाई। 12 नवंबर को रिमांड खत्म होने पर उसे रायपुर की विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वह अब रायपुर सेंट्रल जेल में है। इसी सुनवाई में ED ने सौरभ के खिलाफ गैर-जमानती वारंट लागू करने की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया।
अब आगे क्या होगा?
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक समता कॉलोनी में हुई यह छापेमारी सिर्फ शुरुआत है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में पैनल संचालकों, ID बेचने वालों और खाईवालों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
सीबीआई ने इस मामले में 4 अधिकारियों को भी नोटिस जारी कर दिल्ली में पूछताछ के लिए बुलाया है। एजेंसी अब इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश में है। माना जा रहा है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।






