एंटी करप्शन ब्यूरो के जाल में फंसीं GST अधिकारी अंचला गिरी के यहां छापे की भनक लगते ही नाली में फेंके नोट के बंडल
रिपोर्ट/ NNH - नेशन न्यूज हिंदी

NNH कांकेर/ छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। स्टेट GST विभाग में पदस्थ सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1 लाख 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए ACB जगदलपुर की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक मध्यस्थ इमरान मेमन की भूमिका भी उजागर हुई है। ट्रैप के बाद अब ACB की टीम अधिकारी के आवास पर आय से अधिक संपत्ति के संदेह में दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच करने पहुंची थी, जहां घर के बाहर नाली में नोटों के बंडल मिले।
क्या है पूरा मामला?
कांकेर के स्क्रैप कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज की शिकायत के अनुसार, 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। बिल होने के बाद भी गाड़ी को रोक लिया गया, आरोप है कि अधिकारी ने गाड़ी में लोड माल की कीमत सिर्फ 3 लाख रुपये होने के बावजूद 10 लाख रुपये की पेनाल्टी मांगी, और गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी दी। मामला सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपये मांगे, फिर 1 लाख 50 हजार रुपये पर बात तय हुई, इसमें से 50 हजार रुपये पेनाल्टी के तौर पर कटाने और बाकी रकम घर पहुंचाकर देने की बात तय हुई थी।
जबकि कारोबारी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने ACB जगदलपुर से शिकायत कर दी। और शिकायत का सत्यापन कराने के बाद रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। जिसके बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ACB ने जाल बिछाया, और 21 नवंबर को ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से तय प्लान के अनुसार कारोबारी रिश्वत की रकम लेकर अधिकारी के घर पहुंचा जहां रकम सीधे अधिकारी तक पहुंचाने के बजाय मध्यस्थ इमरान मेमन के जरिए दी गई। इस दौरान ACB की टीम ने कांकेर स्थित अधिकारी के आवास पर दबिश दी और अंचला गिरी को कथित रिश्वत लेते हुए पकड़ा। इस मामले में मध्यस्थ इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
रेड की भनक लगते ही नाली में फेंके नोट
कार्रवाई के दौरान सबसे चौंकाने वाला घटनाक्रम तब सामने आया, जब अधिकारी के घर के बाहर नाली में नोटों के बंडल मिले।
बताया जा रहा है कि रेड की भनक लगते ही रिश्वत की रकम को नाली में फेंक दिया गया। ACB की दबिश के दौरान घर के बाहर नाली में नकदी फेंके जाने का वीडियो भी चर्चा में है। हालांकि नाली में मिली रकम की कुल मात्रा और उसे किसने फेंका, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ACB इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
अब आय से अधिक संपत्ति की जांच
ट्रैप कार्रवाई के बाद ACB ने अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति के संदेह में जांच शुरू कर दी है। टीम दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है। ACB का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
इस कार्रवाई के बाद कांकेर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। कारोबारियों में भी इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं ACB ने साफ किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






