पूर्व वायुसेना उपप्रमुख ने राफेल से जुड़ी ब्रिटेन की एविएशन मैगजीन की रिपोर्ट को बताया गलत

NNH नई दिल्ली/ भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ब्रिटेन की एविएशन मैगजीन “FlightGlobal” की ताजा World Air Forces 2027 रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत के पास 36 नहीं, बल्कि सिर्फ 32 एक्टिव राफेल विमान बचे हैं।
रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया कि बाकी 4 विमान कहां गए, क्यों एक्टिव लिस्ट से हटाए गए और इसका कोई सबूत भी नहीं दिया गया। इस रिपोर्ट के सामने आते ही भारत में हंगामा मच गया। और अब इस पर भारतीय वायुसेना के पूर्व उपप्रमुख ने खुलकर पलटवार किया है।
पूर्व वायुसेना उपप्रमुख का बड़ा बयान
पूर्व वायुसेना उपप्रमुख एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी (सेवानिवृत्त) ने इस रिपोर्ट को “Patently False” यानी सिरे से गलत बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा “FlightGlobal को अपने सूत्रों का दोबारा मूल्यांकन करना चाहिए।”
एयर मार्शल तिवारी ने कहा कि जिन सूत्रों के आधार पर यह रिपोर्ट बनाई गई है, वही सूत्र पहले भी गलत साबित हो चुके हैं। उन्होंने याद दिलाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इन्हीं सूत्रों ने दावा किया था कि भारत के कुछ राफेल विमान मार गिराए गए हैं, और उनके टेल नंबर भी बताए थे। लेकिन बाद में वही टेल नंबर वाले विमान देश-विदेश के सैन्य अभ्यासों में उड़ान भरते हुए देखे गए।
शिवांगी सिंह का दावा झूठा
एयर मार्शल एन तिवारी ने स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का भी जिक्र किया। शिवांगी सिंह भारतीय वायुसेना की पहली महिला राफेल पायलट हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तानी मीडिया और सोशल मीडिया हैंडल्स ने दावा किया था कि उनका विमान मार गिराया गया और उन्हें युद्धबंदी बना लिया गया। लेकिन बाद में शिवांगी सिंह अंबाला एयरबेस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ मुस्कुराते हुए नजर आईं, जिससे वह झूठा दावा पूरी तरह बेनकाब हो गया। तिवारी ने कहा -“इन्हीं सूत्रों ने कहा था कि शिवांगी सिंह को PoW बना लिया गया है। हम सभी जानते हैं कि बाद में क्या हुआ।”_
रिपोर्ट में और क्या है?
FlightGlobal की रिपोर्ट में पिछले साल भी 35 राफेल एक्टिव बताए गए थे, जबकि असल संख्या 36 थी। इस बार संख्या घटाकर 32 कर दी गई है। रिपोर्ट में भारत के 114 और राफेल खरीदने की योजना को भी ‘ऑर्डर्ड’ श्रेणी में दिखाया गया है। तो वहीं पाकिस्तान के Saab-2000 Erieye विमानों की संख्या भी 9 से घटाकर 7 दिखाई गई है।
असल सच्चाई क्या है?
भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल खरीदे थे – 28 सिंगल सीट EH और 8 डबल सीट DH विमान। जून 2026 में ही भारतीय वायुसेना ने सभी 36 राफेल के मेंटेनेंस के लिए टेंडर जारी किया था, जो इस बात का सबूत है कि सभी 36 विमान बेड़े में मौजूद हैं।
वहीं फ्रांस की कंपनी Dassault Aviation के CEO एरिक ट्रैपियर भी पहले पाकिस्तान के दावों को गलत बता चुके हैं।
पूर्व वायुसेना उपप्रमुख के बयान के बाद अब सवाल उठ रहा है कि बिना सबूत और बिना स्पष्टीकरण के ऐसी रिपोर्ट क्यों प्रकाशित की गई? क्या यह सिर्फ गलत आंकड़े हैं या फिर इसके पीछे कोई प्रोपेगेंडा है?






